सहारनपुर। प्रदेश सरकार ने कोविड संक्रमण से मरे लोगों के आश्रितों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। इसके लिए अब तक 314 मृतक आश्रितों ने आवेदन किया है। जनपद में सरकारी आंकड़ों के अनुसार 420 व्यक्तियों की मौत कोविड संक्रमण से हुई है। इनके आश्रितों को 2.10 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्राप्त होगी।
राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण से हुई मौत के मामलों में उनके आश्रितों को अनुग्रह सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। राज्य आपदा मोचक निधि से कोविड से मरे प्रत्येक व्यक्ति के आश्रित को 50 हजार रुपये दिए जाने हैं। इसके लिए कलक्ट्रेट स्थित दैवी आपदा विभाग में एक नवंबर से आवेदन जमा कराए जा रहे हैं। विभागीय कर्मचारी कोविड संक्रमण से मरे व्यक्ति के परिजनों को फोन करके भी आवेदन करने के लिए सूचित कर रहे हैं। आवेदन सत्यापन के बाद अनुग्रह सहायता राशि मृतक आश्रितों को कोषागार की ई-कुबेर प्रणाली के माध्यम से उनके आधार से जुडे़ हुए बैंक खाते में डीबीटी की जाएगी। जनपद में 420 कोविड संक्रमण से मरे व्यक्तियों के आश्रितों को यह सहायता राशि दी जानी है।
आवेदन किया, अब सहायता राशि का इंतजार
कोविड संक्रमण से मरे लोगों के परिजन सहायता राशि पाने के लिए आवेदन कर रहे हैं। दैवी आपदा कार्यालय पर आवेदन पत्र जमा किए जा रहे हैं। कोविड संक्रमण से अपनी पत्नी खोने वाले नवीन नगर के रघुवीर सिंह और दीप विहार के बाबूराम ने बताया कि उन्होंने अनुग्रह राशि के लिए आवेदन कर दिया है। अब सहायता राशि आने का इंतजार है।
कोविड संक्रमण से मरे 314 व्यक्तियों के आश्रितों ने अनुग्रह सहायता राशि लेने के लिए अभी तक आवेदन किया है। अभी आवेदन आ रहे हैं। इन आवेदनों को विभागीय वेबसाइट पर ऑनलाइन किया जा रहा है। इनके सत्यापन के बाद अनुग्रह सहायता राशि लाभार्थियों के बैंक खाते स्थानांतरित की जाएगी।
- रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व