सहारनपुर। स्वास्थ्य विभाग ने विशेष संचारी रोग नियंत्रण दस्तक अभियान में आठ दिनों की रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में बुखार के केवल 37 मरीज मिले हैं, जबकि दो लोगों में टीबी व कुपोषण की पुष्टि हुई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मौसम में ठंडक होने के कारण बुखार का प्रकोप कम हुआ है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा एक अक्तूबर से 31 अक्तूबर तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। सात अक्तूबर से दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग टीमें घर-घर जाकर सर्वे कर रही हैं। दस्तक अभियान में 14 अक्तूबर तक ग्रामीण क्षेत्रों में 2756 और शहरी में 280 टीमों द्वारा 1,56,875 घरों का सर्वे किया गया। सर्वे के दौरान वायरल बुखार, टीबी, कुपोषण सहित अन्य बीमारियों के मरीज मिले। खास बात यह है कि जनपद में लोग बुखार की चपेट में हैं, इसके बाद भी टीम को घरों में सर्वे के दौरान बुखार के 37 ही मरीज मिले हैं। जिला मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ का कहना है कि मौसम में तेजी के साथ बदलाव आ रहा है। धीरे-धीरे ठंडक बढ़ रही है। ऐसे में मच्छर खत्म हो रहे हैं। मच्छरों के काटने से ही संचारी बीमारियों का प्रकोप बढ़ता है। इसलिए बुखार का प्रकोप नहीं रहा है।