सहारनपुर। जनपद स्तरीय निवेश कुंभ में 357 निवेशकों के 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए। इनमें से अधिकांश प्रस्तावों के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हो चुके हैं। 22 प्रस्तावों के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने की प्रकिया अभी चल रही है। शुक्रवार को 21800 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए। इससे पहले 8200 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिल चुके थे। जनपद में सबसे बड़ा निवेश प्रस्ताव इंदौर के अक्षय जैन का आया। वे 21490 करोड़ रुपये का निवेश हॉस्पिटल, मेडिकल टूरिज्म, सोलर प्लांट आर्गेनिक फूड आदि के क्षेत्र में करेंगे।
शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित रंगोली गार्डन में जनपद स्तरीय निवेश कुुंभ हुआ। उद्घाटन जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में लखनऊ में हुए वैश्विक निवेशक महाकुंभ का सीधा प्रसारण दिखाया गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जनपद में बनी गणेश जी की मूर्ति भेंट की।
मंडलायुक्त डॉक्टर लोकेश एम. ने कहा कि आज हमें न केवल उत्पादों के बल्कि सेवाओं के निर्यात के बारे में भी सोचना चाहिए। देश की अर्थव्यवस्था की मजबूती के लिए यह बहुत जरूरी है। ये सेवाएं बैंकिंग, इंश्योरेंस, टूरिज्म, आईटी, ट्रांसपोर्ट आदि से संबंधित हो सकती है।
जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था बेहतर होने के साथ ही अन्य सभी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध हैं, साथ ही जनपद की सड़कों की कनेक्टिविटी भी काफी अच्छी है। पिछले वर्षों की तुलना में हाईवे ने दूरियों को कम किया है। रेलवे के माध्यम से ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए आर्थिक कॉरिडोर बनाया जा रहा है। छह माह के अंदर सरसावा एयरपोर्ट भी प्रारंभ हो जाएगा। उद्यमियों की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। जनपद में करीब 54 आरा मशीनों पर स्टे था, अब स्टे हट गया है साथ ही इससे संबंधित 11 इकाइयों को स्वीकृति मिल गई है।
उद्योग उपायुक्त सिद्धार्थ यादव ने कहा कि जनपद को 5250 करोड़ रुपये का लक्ष्य दिया गया था। इसके सापेक्ष 357 निवेशकों से 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। जिससे करीब 60 हजार लोगों को रोजगार मिल सकेगा। उन्होंने सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विधायक राजीव गुंबर, मुकेश चौधरी, देवेंद्र निम और किरत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, आईआईए चैप्टर चेयरमैन प्रमोद सडाना, लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अनुपम गुप्ता, चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज के अध्यक्ष रविन्द्र मिगलानी आदि ने भी विचार रखे। इस दौरान निवेशकों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान पूर्व सांसद राघव लखनपाल शर्मा, संयुक्त आयुक्त उद्योग अंजू रानी, मनजीत सिंह अरोड़ा, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, सुधाकर अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में निवेशक एवं उद्यमी मौजूद रहे।
ये हैं प्रमुख निवेशक
प्रमुख निवेशकों में अक्षय जैन ने हॉस्पिटल, मेडिकल टूरिज्म, सोलर प्लांट आर्गेनिक फूड आदि क्षेत्र में 21490 करोड़ रुपये का प्रस्ताव दिया है। रामजी सुनेजा ने निजी औद्योगिक पार्क में 604 करोड़ रुपये, साहब सिंह पुंडीर ने निजी औद्योगिक पार्क के लिए 500 करोड़ रुपये, ईश्वरचंद्र गोयल ने ट्रांसपोर्ट क्षेत्र में 500 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्ताव दिए हैं। अनुज गर्ग ने डिस्टिलरी प्लांट में 400 करोड़ रुपये, प्रियेश गर्ग ने वेस्ट मैनेजमेंट एवं व्हीकल स्क्रैपिंग के लिए 260 करोड़ रुपये, अमित राणा ने बायोगैस प्लांट में 100 करोड़ रुपये, अनुपम गुप्ता ने निजी औद्योगिक पार्क में 50 करोड़ रुपये, परविंदर सिंह ने वुडेन हैंडीक्राफ्ट में 50 करोड़ रुपये, अंकुर गर्ग ने कत्था प्लांट में 50 करोड़ रुपये, अनुज आर्य ने इलेक्ट्रिक व्हीकल बनाने के लिए 35 करोड़ रुपये, दया देवी ने वेस्ट मैनेजमेंट में 35 करोड़ और अभिषेक जैन ने फार्मा एवं कॉस्मेटिक में 10 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं।