देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद-बरला मार्ग स्थित धारुवाला गांव के समीप पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। इस बीच पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जिसे बाद में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सोमवार की रात्रि करीब पौने दस बजे देवबंद-बरला मार्ग पर पड़ने वाले धारुवाला गांव के निकट पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए बड़गांव के सरसीना निवासी बदमाश सक्षम त्यागी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। जिसे पुलिस ने सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बदमाश को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ रामकरण का कहना है सक्षम पर विभिन्न थानों में सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था। उन्होंने बताया कि बदमाश के पास से एक पिस्टल और बाइक बरामद हुई है।