सहारनपुर। फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराने वाले जनपद के 248944 किसानों को सम्मान निधि की आगामी किस्त से वंचित रहना पड़ सकता है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ पाने वाले किसानों के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है।
जनपद के 271099 किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं। शासन ने इनके लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना जरूरी कर दिया है। इसके लिए कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ ही अन्य विभागों के कर्मचारी भी जुटे हैं।
शिविर लगाकर किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा रही हैं। तमाम प्रयासों के बावजूद फार्मर रजिस्ट्री बनाने का कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ पा रहा है। जनपद में 22155 किसानों ने ही अब तक फार्मर रजिस्ट्री बनवाई है।
दरअसल कृषि विभाग एग्रीस्टेक (डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर फॉर एग्रीकल्चर) योजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री यानी डिजिटल डाटा तैयार करने में जुटा है। फार्मर रजिस्ट्री में किसान, पिता का नाम, आधार कार्ड से जुड़ा मोबाइल नंबर, उनके मालिकाना हक वाले गाटा संख्या, सहखातेदार, गाटे में उसका हिस्सा, राजस्व गांव का नाम आदि ब्योरा दर्ज किया जाएगा।
इसके आधार पर किसान का एक कार्ड बनाया जाएगा, जिससे उसे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में आसानी होगी।