सहारनपुर। सहारनपुर-देहरादून हाईवे के ढमोला नदी पुल के पास खुला नाला हादसों को न्यौता दे रहा है। नाले के बड़े हिस्से की रेलिंग न होने की वजह से दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों की शिकायत के बावजूद लोक निर्माण विभाग और नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
हाईवे स्थित ढमोला नदी के छोटे पुल और पाताल नगर के बीच बने इस नाले में पहिया आने की वजह से बजरी से भरा ट्रक पलट गया था। क्योंकि रात के समय अंधेरा होने की वजह से नाला नहीं दिखाई देता है, जिस वजह से अक्सर वाहन इसमें गिर जाते हैं। दो दिन दिन पूर्व एक्टीवा सवार युवक नाले में गिर गए थे और इससे पहले ई-रिक्शा भी नाले में पलट चुकी है, जिसमें लोग चोटिल हुए थे। इस नाले के बड़े हिस्से पर रेलिंग नहीं है, जिस कारण हर समय बड़ा हादसा होने खतरा बना रहता है। पास ही सतयुग आश्रम मॉडल इंटर कॉलेज है। स्कूल के बच्चे भी रोजाना इस नाले के किनारे से ही गुजरते हैं। अध्यापक ब्रिजेश पुंडीर ने बताया कि इस समस्या के लिए कई बार उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जा चुका है। मगर, आज तक नाले की रेलिंग नहीं लगाई और न ही पथ प्रकाश की व्यवस्था की गई। रामनगर निवासी नदीम खान का कहना है कि खुले नाले की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। नगर निगम में इसकी शिकायत भी की गई थी। मगर, इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहित कुमार का कहना है कि नाले की रेलिंग और साइड टूटी होने की जानकारी नहीं है। वह इसे दिखवा रहे हैं। प्राथमिकता के साथ लोगों की समस्या का समाधान कराया जाएगा।
पुल के दूसरी तरफ था 10 फुट गहरा गड्ढा
ढमोला नदी पुल की दूसरी तरफ जनक नगर मोड़ पर दो वर्ष से दस फिट गहरा गड्ढा बना था, जिसमें आए दिन वाहन गिर जाते थे। एक बार पांच सवारियों से भरी ई-रिक्शा गड्ढे में गिर गई थी। लोग समस्या के समाधान की मांग करते हुए थक चुके थे। अमर उजाला ने इस समस्या को प्रमुख से उठाया था। तब, चार माह पूर्व लोक निर्माण विभाग ने गड्ढा भरकर उसके ऊपर सड़क बनाई थी।