सहारनपुर। राज्य सरकार द्वारा लगातार की जा रही शिक्षक हितों की उपेक्षा से शिक्षकों में नाराजगी है। विरोध में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने सात मार्च को संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर धरना और प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। रविवार को एसडी इंटर कॉलेज में हुई संगठन की बैठक में आंदोलन को लेकर चर्चा की गई।
डॉ. सुशील पुंडीर ने कहा कि संगठन से जुड़े विधान परिषद सदस्यों ने शिक्षकों की मांगों और समस्याओं को पुरजोर तरीके से विधान परिषद में रखा और सरकार पर दबाव बनाया, मगर इसके बावजूद सरकार शिक्षकों के प्रति उपेक्षापूर्ण रवैया अपना रही है। यही वजह है कि शिक्षकों की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पर दबाव बनने के लिए सात मार्च को संयुक्त शिक्षा निदेशक कार्यालय पर प्रदर्शन होगा, जिसमें संगठन से जुड़े विधान परिषद सदस्य भी शामिल होंगे। साथ ही मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी भेजा जाएगा। उन्होंने आगामी दिनों में होने वाले आंदोलन के लिए शिक्षकों से एकजुटता का आह्वान किया। बैठक का संचालन अनिल शर्मा ने किया। इस मौके पर हरीपाल सिंह, वीके अग्रवाल, रविंद्र पंवार, रवि गुप्ता, ऋषिपाल सिंह पुंडीर, सतीश सैनी, जेपी त्यागी, राजेश यादव, डॉ. सादाराम, सुभाष शर्मा, राजेश यादव, शशी शर्मा, सिम्मी बजाज, सारिका जैन, रिहाना परवीन, मृदुला सेठ, सुषमा राजपूत आदि मौजूद रहीं।