- सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा
- फोटो -
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। सहारनपुर अधिवक्ता एसोसिएशन ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग को लेकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन भाजपा महानगर अध्यक्ष को सौंपा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य अंगीरस, महासचिव आदित्य सिंह के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन को सौंपा। उन्होंने कहा कि चालीस साल से पश्चिमी यूपी के 22 जिलों के अधिवक्ता हाईकोर्ट बेंच की मांग के लिए आंदोलन कर रहे हैं। इस आंदोलन में प्रदेश के आम लोग, राजनैतिक दल, व्यापारिक संगठन, खेतिहर मजदूर समेत समाज के हर वर्ग का सहयोग प्राप्त है। लोगों की सुविधा के लिए इस लड़ाई में अधिवक्ता वर्ग ने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया है। इससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक सस्ता और सुलभ न्याय प्राप्त हो सकें। इस मांग को समय-समय पर उठाया जाता रहा है। लेकिन न तो केंद्र सरकार और न ही राज्य सरकार ने इस मामले में कोई सार्थक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में पहले से ही तीन बेंच थीं, अब चौथी बेंच कोल्हापुर भी बना दी गई, जो मात्र पांच जिलों पर ही बनाई गई है। उन्होंने कहा कि सरकार पश्चिमी यूपी में हाईकोर्ट बेंच की मांग को दरकिनार कर रही है, जो सरासर अन्याय है। अधिवक्ताओं ने हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर समर्थन किया एवं मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन भाजपा महानगर अध्यक्ष को सौंपा।
ज्ञापन देने वालों में पूर्व अध्यक्ष सिद्धार्थ शंकर त्यागी, रणधीर सिंह, सुरेंद्र पाल सिंह, शीशपाल सिंह पुंडीर, संजीव शर्मा, राजीव शर्मा, आशुतोष गुप्ता, सुरेंद्र दीक्षित, प्रदीप मित्तल, चौधरी जानिसार, महता अली खान, रविंद्र तोमर समेत अनेक लोग शामिल रहे।