सहारनपुर। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों की तरफ से रविवार को दिल्ली में धर्म सभा होगी। उसमें शामिल होने के लिए सहारनपुर जनपद से भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दिल्ली जाएंगे तथा काफी कार्यकर्ता शनिवार को भी दिल्ली रवाना हो चुके हैं। जिले से करीब 300 से ज्यादा बसों से कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की तैयारी की गई है।
दिल्ली में रविवार को होने वाली धर्म सभा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं को पहुंचने का आह्वान किया गया। बीते एक सप्ताह से आरएसएस, विहिप और बजरंग दल कार्यकर्ता इसको लेकर बैठकें कर रहे हैं। बजरंग दल के विभाग संयोजक कपिल शर्मा की मानें तो सहारनपुर जनपद के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 50 बसों में कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की तैयारी है। इस लिहाज से करीब 350 बसें दिल्ली ले जाई जाएंगी। जिले से करीब 15 हजार कार्यकर्ता दिल्ली ले जाने की तैयारी है। उन्होंने बताया कि सहारनपुर शहर क्षेत्र से ही करीब 100 बसें ले जानी हैं। सभी बसें विभिन्न स्थान से रविवार तड़के रवाना होंगी। वहीं, शनिवार शाम भी काफी संख्या में कार्यकर्ता अपने वाहनों से दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
तो यातायात व्यवस्था गड़बड़ाएगी
हिंदू संगठनों की तरफ से जितनी तैयारी के साथ सहारनपुर से कार्यकर्ताओं को दिल्ली ले जाने की प्लानिंग है, उससे यातायात व्यवस्था गड़बड़ाने की आशंका भी है। यदि जिले की 300 से ज्यादा बसें दिल्ली जाएंगी, तो यहां यात्रियों को बस न मिलने पर परेशानियां भी झेलनी पड़ सकती हैं। हालांकि इतनी बड़ी संख्या में बसें दिल्ली ले जाने की तैयारी में कितना दम है, इसका पता रविवार को चलेगा।
पुलिस और खुफिया विभाग भी अलर्ट
दिल्ली में होने वाली धर्म सभा को लेकर पुलिस, प्रशासन अलर्ट है। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता बसों से दिल्ली रवाना होंगे। अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की मांग को लेकर कार्यकर्ता उत्साह भी दिखाएंगे, जिसके चलते नारेबाजी भी की जा सकती है। सहारनपुर से दिल्ली जाने के लिए दो रूट हैं, जिनमें एक सहारनपुर से रामपुर मनिहारान, ननौता होते हुए शामली जनपद के जलालाबाद, थानाभवन और कांधला से होकर बागपत के रास्ते निकलेगा। वहीं, दूसरा रूट सहारनपुर से नागल अथवा गागलहेड़ी होते हुए वाया देवबंद के रास्ते मुजफ्फरनगर होकर मेरठ के रास्ते दिल्ली जाते हैं। इस लिहाज से जिले के सबसे बड़े मुख्य मार्ग पर कार्यकर्ताओं के वाहन होंगे, तो पुलिस प्रशासन के लिए चौकन्ना हो गया है। आला अधिकारियों ने अधीनस्थों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं, खुफिया विभाग को भी अलर्ट किया गया है।