बाबा रामपाल के अनुयायियों ने कलक्ट्रेट में किया प्रदर्शन
सहारनपुर। बाबा रामपाल के अनुयायी और राष्ट्रीय समाज सेवा समिति से जुड़े लोगों ने कलक्ट्रेट में पहुंचकर पोस्टर बैनर के साथ प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपकर बाबा रामपाल पर लगाए गए आरोपों की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी से कराने की मांग की गई।
रविवार को कलक्ट्रेट में पहुंचे रामपाल महाराज के अनुयायियों ने कहा कि 18 नवंबर 2014 को पुलिस द्वारा आश्रम पर की गई कार्रवाई में पांच श्रद्धालु औरत और एक डेढ़ वर्ष के बच्चे की मौत हो गई थी। अनुयायियों का कहना है कि रामपाल महाराज पर झूठा केस बनाकर उन्हें जेल में डाल दिया गया, जबकि रामपाल महाराज शास्त्रों के अनुसार भक्ति कराते हुुए विकार रहित सभ्य समाज को तैयार कर रहे थे। अनुयायियों का कहना है कि रामपाल महाराज के अलावा उनके अनुयायियों का भी उत्पीड़न किया जा रहा है।
एसडीएम सदर परमानंद झा को ज्ञापन देकर मांग की है कि इस मामले में किसी निष्पक्ष एजेंसी से जांच कराई जाए। इस दौरान राहुल दास, अरुण दास, सतीश दास, संजीव दास, नेत्रपाल दास, प्रवीण दास, महीपाल दास, मनोज दास, रामपाल दास, मांगेराम दास, लीला, रोशनी, चंद्रो, सीता आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।