विवाहिता को घर से निकाला, देवर पर दुष्कर्म करने का आरोप
देवबंद (सहारनपुर)। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दहेज की मांग के चलते विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने तथा देवर द्वारा दुष्कर्म किए जाने के आरोप में पति समेत छह लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने एसीजेएम के यहां वाद दायर कर बताया कि करीब चार वर्ष पूर्व उसकी शादी मुजफ्फरनगर भोपा के गांव भोकरहेड़ी निवासी के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल वाले कम दहेज लाने को लेकर उसका शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करने लगे। उसके साथ मारपीट भी की गई। विवाहिता को आरोप है कि पिछले काफी दिनों से ससुराल वाले उस पर मायके से पांच लाख रुपये व बाइक लेकर आने का दबाव बना रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर 19 सितंबर को उन्होंने उसके साथ मारपीट की और घर से निकाल दिया। विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद से देवर उस पर बुरी नजर रखता था और एक दिन मौका पाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। रविवार को पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर पति अरशद, ससुर निसार, सास भूरिया, देवर बिलाल समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
पुलिस ने वारंटी को दबोचा
देवबंद। कोतवाली पुलिस ने 12 साल पुराने मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर चालान किया है। कोर्ट से उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया हुआ था।
पुलिस के मुताबिक मोहल्ला बड़जियाउलहक निवासी अयूब के विरुद्ध कोतवाली में चाकू बरामद होने का मामला दर्ज है। कोर्ट में पेश नहीं होने के पर कई दिन पूर्व उसके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी हुआ था। जिसके बाद रविवार को उसे घर से गिरफ्तार कर पुलिस ने चालान किया है।