स्वार्थी लोगों ने बांटा समाज : सतगुरु समन दास
गंगोह (सहारनपुर)। संत शिरोमणि सतगुरु स्वामी समनदास महाराज ने कहा कि भगवान ने सभी लोगों को एक समान बनाया है। हमने ही स्वार्थवश होकर समाज को जातियों में बांट दिया है।
अंबा विहार कालोनी में आयोजित सत्संग के दौरान एसएसीएसटी आयोग के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्य सभा सांसद पीएल पूनिया, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद, भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सतगुरु के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इससे पूर्व नगर आगमन पर सतगुरू की शोभायात्रा निकाली गई। बाद में सतगुरु स्वामी समनदास महाराज ने कहा कि भगवान ने सभी के शरीर में एक जैसा खून और तमाम अंग बनाए हैं। निजी स्वार्थवश हमने ही समाज को जातपात, धर्म, गोरे-काले, छोटे-बडे और गरीब-अमीर में बांटकर उसमें दरार पैदा कर दी है। महाराज जी से आशीर्वाद लेने वालों में कांग्रेस प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति के पूर्व अध्यक्ष पीएल पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष इमरान मसूद, विधायक नरेश सैनी, मसूद अख्तर, भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शशी वालिया, कार्यवाहक जिला अध्यक्ष जावेद साबरी, गंगोह के पूर्व चेयरमैन नोमान मसूद, मजाहिर राणा आदि शामिल रहे। सतगुरु का आशीर्वाद पाने को श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। इसके उपरांत विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना से हवन और पुर्णाहुति उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन हुआ। इसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में बृजपाल सहगल, मुकेश, सभासद विकास कुमार, प्रदीप कुमार, अवनीश कुमार, लक्ष्मण दास, जोगेंद्र सहगल, अरविंद, महेंद्र सिंह, राजपाल, विकास कुमार, चंद्रपाल, प्रकाशचंद आदि का सहयोग रहा।
---
भाजपा को सबक सिखाएं : चंद्रशेखर
गंगोह। आध्यात्मिक सत्संग में पहुंचे भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने समाज की एकता पर बल देते हुए कहा कि हम लोग बाबा साहब को भी मानते है और उधम सिंह को भी मानते हैं। हम हिंसा के खिलाफ है मगर कायर नहीं है। हम सम्मान की खातिर जान दे भी सकते है और गर्दन काट भी सकते हैं। गुलामी से आजादी चाहते हो तो एकजुट हो जाओ। कहा कि हमारे 45 भाईयों को जेल में डाला गया और 55 घर फूंके गए। उन्होंने कौम को आजादी एवं सम्मान पाने के लिए आगामी 2019 चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का आह्वान किया। कहा कि समाज के लोगों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने डीएम और एसएसपी को इस बारे में चेतावनी दे दी है कि यदि समाज के लोगों पर 107/16 की उत्पीडनात्मक कार्रवाई हुई तो समाज जबरदस्त आंदोलन करेगा।
9 अक्टूबर को लेंगे डा. आंबेडकर
के सपनों को पूरा करने का संकल्प
गंगोह। भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने कहा कि आगामी नौ अक्टूबर को बाबा साहब के परिनिर्वाण दिवस पर भीम आर्मी बाबा साहब के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेगी। चंद्रशेखर ने कहा कि बाबा साहब ने नारा दिया था कि आरक्षण से एसपी-डीएम जबकि वोट से सीएम-पीएम लेंगे। कहा कि डा. आंबेडकर की बदौलत ही समाज के युवा आज एसपी और डीएम तक बन पा रहे हैं। अब वक्त आ गया है कि हमें एकजुट होकर वोट से सीएम और पीएम भी बनाना होगा। युवाओं से कहा कि वह सोशल मीडिया पर कोई भी आपत्तिजनक टिप्पणी ना करें। विरोधियों ने युवाओं को भड़काकर उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाने का षडयंत्र रच रखा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का प्रयोग केवल जानकारी करने के लिए ही करें। कोई भड़काऊ कमेंट ना करें। कहा कि जेल में बंद साथियों को रिहा कराने के लिए दिसंबर में दिल्ली में बडा आंदोलन किया जाएगा।