त्यागी समाज को पिछड़ी जाति में शामिल करने की मांग
देवबंद (सहारनपुर)। एसडीएम कार्यालय पर नौवें दिन मंगलवार को साखन खुर्द, खटौली और भरतपुर के लोग क्रमिक अनशन पर बैठे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक त्यागी समाज को पिछड़ी जाति में शामिल नहीं किया जाएगा, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
त्यागी जागरण मंच के बैनर तले त्यागी समाज को पिछड़ी जाति में शामिल करने को आंदोलन चलाया जा रहा है। मंगलवार को धरने पर अजय त्यागी ने कहा कि त्यागी समाज पिछले नौ दिनों से धरना देकर पिछड़ी जाति में शामिल करने की लड़ाई लड़ रहा है। आज त्यागी समाज राजनीतिकव आर्थिक रूप से पिछड़ चुका है। समाज के युवा नौकरी में आरक्षण नहीं मिलने के कारण प्रतिभा संपन्न होते हुए भी स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। इसलिए त्यागी समाज को आरक्षण की जरूरत है। हिमांशु त्यागी ने कहा कि त्यागी समाज को शासन प्रशासन सहनशील होने के कारण कमजोर ना समझे। उन्होंने कहा कि पिछले नौ दिन से धरना व क्रमिक अनशन चल रहा है, लेकिन किसी अधिकारी या नेता ने उनकी सुध तक नहीं ली। अब त्यागी समाज अपने हक के लिए आरपार की लड़ाई लड़ेगा। सतेंद्र त्यागी ने कहा कि जब हरियाणा, दिल्ली व राजस्थान में त्यागी समाज पिछड़ी जाति में शामिल है तो फिर प्रदेश की योगी सरकार को भी पिछड़ी जाति में शामिल करने की घोषणा कर देनी चाहिए। इस मौके पर जनेश्वर त्यागी, मनोज त्यागी, संजय, हरिप्रकाश, सुनील कुमार, राजेश, मोहित, पंकज त्यागी, विकास, बालेश्वर, कमलकांत, काला, आस मोहम्मद आदि रहे।