बकाएदारों की वर्षवार सूची बनाएं अफसर : तोमर
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा पंचायती राज समिति के सभापति एवं मेरठ के विधायक डा. सोमेंद्र तोमर ने लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने बकाएदारों से की जाने वाली वसूली की वर्षवार सूची तैयार करने और बकाया भुगतान न करने वाले लोगों की आरसी जारी करने के निर्देश दिए।
सर्किट हाउस में डा. सोमेंद्र तोमर और विधायक मुकेश वर्मा ने जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम पंचायतों के कार्यों की समीक्षा की। मुजफ्फरनगर जिला पंचायत और ग्राम पंचायत द्वारा ठीक से रिपोर्ट प्रस्तुत न किए जाने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन लोगों पर बकाया है, उनकी आरसी जारी की जाए। आपत्तियों का समय रहते निस्तारण किया जाए। सहारनपुर जिला पंचायत और ग्राम पंचायत ने अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुुमार से 2014 में ग्राम पंचायत शेखपुरा कदीम, लखीमपुर, ताजपुर और बाबूपुरा में बनाए पंचायत भवनों पर हुए खर्च की जानकारी ली। इसके साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए शौचालयों में अब तक खर्च हुए बजट के दस्तावेज देखे। मौके पर ही आपत्तियों का निस्तारण कराया गया। उन्होंने कहा कि अधिकारी ईमानदारी और पारदर्शिता से कार्य करें। केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के अनुसार कार्य कराए जाएं। जो खामियां रह गई हैं, वह समिति की अगली बैठक से पहले पूरी कर ली जाएं। मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन, जिला पंचायत राज अधिकारी सतीश कुमार, परियोजना निदेशक दुष्यंत सिंह आदि मौजूद रहे।
सहजवा में खामियां मिलने पर भड़के सभापति
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा पंचायती राज समिति के सभापति डा. सोमेंद्र तोमर और विधायक मुकेश वर्मा ने गांव सहजवा का औचक निरीक्षण किया। गांव में गदंगी पड़ी देखकर सभापति का पारा चढ़ गया। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाए गए शौचालय गंदे पड़े मिले। ग्राम सचिव पंचायत भवन से संबंधित दस्तावेज सभापति को नहीं दिखा सका। सभापति ने जिला पंचायत राज अधिकारी को सचिव के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस दौरान भाजपा नेता प्रीतम गुर्जर सहित अन्य भाजपाई मौजूद रहे।