गंगोह (सहारनपुर)। बुधवार को तूफान के साथ आई तेज बारिश से गांव उम्मेदगढ़ में निकासी ना होने के कारण के आधा दर्जन घरों में पानी घुस गया। इससे ग्रामीणों का कई कुंतल गेहूं सहित घरेलू सामान नष्ट हो गया। तेज बारिश के दौरान जल निकासी ना होने के कारण पूर्व प्रधान एवं किसान सेवा सहकारी समिति के सभापति चौधरी मांगेराम, सिताब सिंह, करण सिंह, सुबोध कुमार एवं राजकुमार के घरों में एक फुट तक पानी भर गया। जिससे उनका अनाज बर्बाद हो गया। इन लोगों ने आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान राजनीतिक बदले की भावना से कार्य कर रहा है। जिसके चलते उन्होंने गांव में खड़ंजा निर्माण कई फीट ऊपर उठवा दिया है। इसके अलावा कुछ लोगों ने अपने घरों के आगे जल निकासी को बनी नाली को ईंटों से पाटकर उनकी पानी निकासी रोक रखी है। जिसके चलते बुधवार को पानी तालाब में जाने के बजाय उनके घरों में घुस गया। उधर ग्राम प्रधान ने आरोपों को मिथ्या बताते हुए कहा कि मानकों के अनुरूप निर्माण कराया गया है।