सहारनपुर। सुबह के समय हल्के बादल होने के बावजूद गर्मी ने अपने तेवर दिखाए। दोपहर के समय चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों ने ज्यादातर लोगों को घरों में कैद किए रखा। रविवार को न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले करीब 15 दिन से पड़ रही भीषण गर्मी की वजह से लोग बारिश होने की दुआ कर रहे हैं। रविवार की सुबह पूरवा हवा चलने के साथ आसमान में हल्के बादल निकल आए। बादलों के बीच सूरज की आंख मिचौली जारी रही। उम्मीद थी कि दिन में बादलों की वजह से गर्मी कम रहेगी, मगर पूर्वाह्न 11 बजे तक बादल पूरी तरह छट गए। इसके बाद गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू किया। दोपहर में तेज धूप होने के साथ ही लू चलती रही, जिसकी वजह से ज्यादातर लोगों ने घरों से न निकलना मुनासिब समझा। शाम के समय हवा शांत और मौसम में उमस महसूस की गई।