50 दिन से वेबसाइट बंद, एक करोड़ की वसूली लटकी
सहारनपुर। नगर निगम की वेबसाइट 50 दिन से बंद है। इसकी वजह से आनलाइन तरीके से गृह और जल कर जमा करने की प्रक्रिया पर भी पूरी तरह ब्रेक लगा हुआ है। इसकी वजह से कर जमा करने के इच्छुक नगरवासी परेशान हैं। इतना ही नहीं, इन 50 दिनों में नगर निगम की एक करोड़ रुपये से अधिक की वसूली लटक गई है।
नगर निगम सहारनपुर में गृह और जल कर शहरवासियों को खुद ही कार्यालय जाकर जमा करना पड़ता था। शहरवासियों को राहत दिलाने और कर वसूली बढ़ाने के उद्देश्य से सहारनपुर नगरनिगम.इन वेबसाइट के माध्यम से आनलाइन कर जमा कराना शुरू किया गया। पिछले करीब डेढ साल से 70 से 80 फीसदी नगरवासी ऑनलाइन तरीके से गृह और जल कर जमा कराते आ रहे हैं। मगर यह वेबसाइट एक अप्रैल 2018 यानी पिछले 50 दिन से बंद पड़ी है। इस वजह से लोग कर जमा नहीं करा पा रहे हैं।
निगम सूत्रों की माने तो नगर निगम में प्रतिदिन ढाई से तीन लाख रुपये गृह और जल कर का जमा होता है। इसमें करीब दो लाख रुपये आनलाइन ही जमा होता है। ऐसे में वेबसाइट बंद होने की वजह से प्रतिदिन दो लाख रुपये की वसूली प्रभावित हो रही है जो 50 दिन की करीब एक करोड़ रुपये बैठती है। अशोक नगर निवासी मोहम्मद सलीम पिछले एक महीने से गृह कर जमा करने के लिए भटक रहे हैं। उन्हीं की तरह अनेक नगरवासियों के सामने भी यही समस्या है।
-------------------------------------
लक्ष्य के सापेक्ष नहीं हो पाती कर वसूली
नगर निगम में शायद ही कोई वर्ष ऐसा रहा हो, जब लक्ष्य के सापेक्ष कर की वूसली की गई हो। पिछले कई साल से लक्ष्य से आधी भी गृह और जल कर की वूसली नहीं हो पा रही है। वार्डों में कैंप लगाने के बावजूद कर वसूली लक्ष्य के करीब भी नहीं पहुंच पाती है। इन सबके बावजूद इस तरह की लापरवाही नगर निगम को राजस्व की हानि पहुंचा रही है।
--------------------------------------
एक मुश्त कर जमा कराएं, छूट पाएं
नगर गिनम ने भवन कर जमा न कराने वालों के लिए ऑफर रखा है। बड़े बकायेदारों द्वारा एक मई से 30 जून तक टैक्स जमा करने वालों को 15 फीसदी की छूट दी जाएगी। एक जुलाई से 30 सितंबर तक टैक्स जमा कराने वालों को दस फीसदी तथा एक अक्तूबर से 31 दिसंबर तक जमा कराने वालों को पांच प्रतिशत की छूट मिलेगी। नगरायुक्त गौरव वर्मा ने लोगों ने टैक्स जमा कराकर छूट का लाभ लेने की अपील की है। ---------------------------------------
यह सच है कि नगर निगम की वेबसाइट एक अप्रैल से बंद थी। इसकी वजह से लोगों को कर जमा करने में परेशानी रही। मगर अब यह परेशानी दूर हो गई है। अब शासन स्तर से ई-नगर सेवा पोर्टल शुरू हुआ है, इसके जरिये नगर निगम के ज्यादातर कार्य अब आनलाइन हो गए हैं। अब नगरवासी इसी पोर्टल के माध्यम से टैक्स भी जमा करा सकते हैं।
-विनय शर्मा, कर अधीक्षक नगर निगम।