लोन स्वीकृत कराने के लिए वीरू बन गया किसान
बेहट (सहारनपुर)। भोजपुर गांव का कामरान पीएनबी की शाखा साढौली कदीम से 25 लाख का लोन स्वीकृत न होने पर मंगलवार को बैंक शाखा के सामने ही लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। पूरी प्लानिंग से उसने टावर पर चढ़ने के बाद अपने मोबाइल फोन से सेल्फी ली और उसके बाद फोटो मीडियाकर्मियों के व्हाट्सएप पर पोस्ट किए। करीब आधा घंटे तक यह ड्रामा चलता रहा। कोतवाली प्रभारी ने कामरान को शाखा प्रबंधक द्वारा लिखा गया 10 लाख रुपये का लोन स्वीकृति का लेटर दिखाकर उसे मुश्किल से नीचे उतारा। टावर से उतरते ही कामरान को पुलिस हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई।
भोजपुर गांव निवासी कामरान अली ने पीएनबी की शाखा साढौली में किसी सरकारी योजना के माध्यम से 25 लाख के लोन के लिए आवेदन किया था। लेकिन इतने बड़े लोन के लिए बैंक उससे जमानत के तौर पर नियमानुसार उसके नाम की संपत्ति को बंधक करने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कह रहा था। मगर उसके नाम इतनी संपत्ति नहीं थी। इस पर शाखा प्रबंधक ने उसे सिर्फ पांच लाख तक लोन स्वीकृत करने की बात कही। 25 लाख का लोन स्वीकृत न होने पर पिछले दिनों कामरान अली ने पीएम एवं राष्ट्रपति को लेटर भेजकर देश छोड़ने की चेतावनी भी थी।
मंगलवार को करीब दो बजे वह हथौली पहुंचा और बैंक शाखा के सामने लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने टावर पर चढ़कर शोले के वीरू की तरह पूरा ड्रामा किया। उसे टॉवर पर चढ़ा हुआ देखकर ग्रामीणों और आने-जाने वालों की भीड़ लग गई। सूचना पर कोतवाली प्रभारी पहुंचे और उन्होंने किसी कामरान का मोबाइल नंबर लेकर उसे नीचे उतरने का अनुरोध किया। लेकिन उसने लोन स्वीकृत होने तक नीचे उतरने से मना कर दिया। कोतवाली प्रभारी शाखा प्रबंधक से मिले और उनसे 10 लाख के लोन की स्वीकृति का लेटर लिखवाकर कामरान से मोबाइल पर बात कर उसे नीचे उतरने के लिए राजी कर लिया। जैसे ही कामरान नीचे उतरा तो पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और कोतवाली ले आई।
बैंक शाखा प्रबंधक राकेश त्यागी का कहना है कि कामरान के नाम केवल साढ़े तीन बीघा जमीन है। इसकी कीमत सर्किल रेट के अनुसार करीब पौने पांच लाख है। ऐसे बैंक के नियमानुसार उसे इतना बड़ा लोन नही दिया जा सकता। लेकिन उन्होंने फिर भी पांच लाख का लोन स्वीकृत करने के लिए कह दिया था। उधर, कोतवाली प्रभारी एमपी सिंह का कहना है कि कामरान को हिरासत में लिया गया है। उसके खिलाफ आत्महत्या की कोशिश का मामला दर्ज किया जाएगा।