दो माह से लापता युवक का सुराग नहीं
सरसावा। डेढ़ माह से लापता चल रहे युवक का पुलिस अभी तक सुराग नहीं लगा सकी है। लापता युवक की दो बहनों ने पुलिस से उनके भाई का पता लगाए जाने की मांग की।
रविवार को ग्राम सोराना की निवासी पूजा एवं आरती सरसावा थाना पहुंचीं और उन्होंने दो माह से लापता अपने बड़े भाई विकास (24 वर्ष) का पता लगाए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा भाई विकास छह अप्रैल से लापता है। आरती ने बताया कि उनका भाई विकास ग्राम सोराना में स्थित वायुसेना स्टेशन में अस्थायी रूप से कार्य करता था लेकिन दो साल पूर्व उसकी नौकरी छूट गई। जिसके बाद उसके भाई को अवसाद ने घेर लिया और वह दिमागी रूप से बीमार हो गया। छह अप्रैल को रात में वह बिना बताए घर से कहीं चला गया। सुबह जब उन्होंने विकास को घर से नदारद देखा तो रिश्तेदारों में खोज की लेकिन जब कोई सुराग नहीं लगा तो पुलिस को गुहार लगाई। लेकिन पुलिस भी दो माह में विकास को तलाश नहीं कर पाई है। थाना प्रभारी यशपाल का कहना है कि गायब हुआ युवक दिमागी रूप से कमजोर है और उसके पास संचार का कोई साधन भी नहीं है। पुलिस विकास को तलाश करने का प्रयास कर रही है।