सात हजार गर्भवतियों और बच्चों का होगा टीकाकरण
सहारनपुर। मिशन इंद्रधनुष अभियान का पहला चरण 23 अप्रैल से शुरू होगा। इसके तहत टीकाकरण के लिए जनपद के 93 गांवों के दो वर्ष तक की आयु के बच्चों और गर्भवती महिलाओं का सर्वे का काम पूरा हो गया है। सात हजार से अधिक बच्चों और गर्भवती महिलाओं को टीके लगाए जाएंगे।
सीएमओ डॉ. बीएस सोढी ने बताया कि अभियान का शुभारंभ पुवांरका के गांव आसनवाली से 23 अप्रैल की पूर्वाह्न 11 बजे सांसद राघव लखनपाल शर्मा करेंगे। ग्राम स्वराज योजना के तहत तीन चरणों में चलने वाले अभियान का पहला चरण 23 से 27 अप्रैल, दूसरा चरण 21 से 25 मई तथा तीसरा चरण 18 से 22 जून तक चलेगा। सर्वे में शामिल जिले के 93 गांवों में गर्भवती महिलाओं की संख्या 617, एक वर्ष तक बच्चों की संख्या 3057, एक से दो वर्ष तक के बच्चों की संख्या 2864, एक अन्य वैक्सीन के लिए शून्य से एक वर्ष तक के बच्चों की संख्या 1205 तथा एक से दो वर्ष तक के बच्चों की संख्या 550 है। ब्लाक स्तरीय प्रभारी चिकित्साधिकारियों के माध्यम से ब्लॉक और तहसील स्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया गया है। सीएमओ ने गर्भवती महिलाओं और दो वर्ष तक के बच्चों को टीकाकरण कराने की अपील की।