सहारनपुर। शंटिंग के दौरान कैश से भरे दो बोगी पटरी से उतर गए। जिसमें सहारनपुर रेलवे स्टेशन के अधिकारियों की लापरवाही सामने आ रही है। कैश से भरे दोनों बोगी की शंटिंग बिना गार्ड के ही की जा रही थी। पटरी से उतरने के बाद लोगों ने ही चालक को शोर मचाकर सूचना दी।
रविवार की शाम लगभग पौने चार बजे कचहरी पुल के नीचे आरबीआई के कैश से भरी दो बोगियों की शंटिंग की जा रही थी। कैश से भरी बोगियों की शंटिंग में रेलवे अधिकारियों ने घोर लापरवाही दिखाई। शंटिंग के लिए कोई कोच ही नहीं दिया गया। ऐसे में पावर चालक अपने अंदाजे से ही शंटिंग कर रहा था। जब कचहरी पुल के पास पटरी बदली गई, उसी समय पिछले कोच के दोनों पहिए पटरी से उतर गए। रेलवे सूत्रों के अनुसार पटरी से पहिए उतरने का चालक को तुरंत पता नहीं चल सका। थोड़ी दूर तक कोच पीछे चला गया। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए चालक को सूचना दी। चालक ने तुरंत पावर रोक दी। गार्ड होता तो पहिए उतरते ही सिग्नल दे देता और चालक आगे नहीं बढ़ता। जरा भी देर हो जाती तो बड़ी घटना घट सकती थी।
रेलवे के अंबाला मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दिनेश चंद शर्मा का कहना है कि अभी घटना के बारे में जानकारी कराई जा रही है। तकनीकी कारणों की भी रिपोर्ट मंगाई गई है।
इसी जगह पर कई बार पटरी से उतर चुके हैं रेल के डिब्बे
शंटिंग के दौरान बोगियों के पहिए उतरने की इस जगह पर यह पहली घटना नहीं है। दो महीने पहले यहां मालगाड़ी के भी पहिए पटरी पर उतर चुके हैं। इसके अलावा कुछ समय पूर्व एक पावर ने शंटिंग के दौरान बोगी में टक्कर मार दी थी, जिससे बोगी क्षतिग्रस्त हो गई थी। खान आलमपुरा यार्ड में भी शंटिंग के दौरान मालगाड़ी पटरी से उतर चुकी है।