सहारनपुर। सबको एक समान और निशुल्क शिक्षा दिलाने की मांग को लेकर एजुकेशन फ्रीडम फोर्स ने रविवार को धरना दिया। उन्होंने कहा कि देश को मजबूत करने के लिए सबको शिक्षित करना होगा।
हकीकत नगर स्थित धरनास्थल पर आयोजित धरने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अनिल कटारिया ने कहा कि सरकार को बिना किसी भेदभाव के सबको एक समान और निशुल्क शिक्षा का प्रबंध करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाए बिना देश तरक्की नहीं कर सकता है। आज की शिक्षा प्रणाली ऐसी है कि गरीब व्यक्ति अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा नहीं दिला सकता है। शिक्षा मंहगी होने के कारण बड़ी संख्या में कमजोर तबकों के बच्चे अच्छी तालीम हासिल करने से वंचित रह जाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी ने कहा कि सभी नागरिकों को शिक्षा मुहैया कराने का उत्तरदायित्व सरकार का है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्राइवेट स्कूल, कालेज अभिभावकों का आर्थिक शोषण करते हैं। उन्होंने सभी के लिए समान और निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। सतवीर सिंह, शिवनंदन सिंह आदि ने भी विचार रखे। अध्यक्षता विपिन कर्णवाल और संचालन शारिक चौधरी ने किया। सौरभ सैन, रोहित मौर्य, बृजेश कुमार, सौरभ बजरंगी, योगेश पंवार, हिमांशु गौतम, करण गौतम, पुनीता गौतम, अजय कुमार, अरविंद कटारिया और विकास कटारिया आदि मौजूद रहे।