बेहट (सहारनपुर)। बेहट के बाद अब मिर्जापुर क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक ने लोगों के दिल में दहशत पैदा कर दी है। बृहस्पतिवार की सुबह रायेपुर गांव को जाने वाले रास्ते पर टहलने गए मिर्जापुर गांव निवासी तीन लोगों को एक खेत में मादा तेंदुआ और उसके दो शावक दिखाई दिए। सूचना पर ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तेंदुआ और शावक नहीं मिल सके। खेत में उनके पैरों के निशान थे, जिनकी जांच के लिए वन विभाग की टीम ने फोटोग्राफी की है।
सुबह करीब साढ़े छह बजे मिर्जापुर निवासी लुकमान, डॉ. आदिल और अताउल्ला गांव रायेपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर टहलने के लिए गए थे। ईदगाह के पास पहुंचने पर सड़क किनारे स्थित एक खेत में एक तेंदुए और दो शावक दिखाई पड़े। तेंदुए को देखकर तीनों लोग डर गए और दबे पांव गांव वापस आ गए। उन्होंने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी, जिसके बाद सामाजिकी वानिकी वन प्रभाग की बेहट रेंज से वनकर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम के साथ जंगल में तेंदुए की तलाश कराई, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका। दो शावकों के साथ होने से ग्रामीणों और वन विभाग का मानना है कि तेंदुआ मादा थी। टीम ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल में तेंदुए के दिखाई देने पर वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दिए जाने के लिए कहा है।