सहारनपुर। प्रदेश के तीन स्पोर्ट्स कॉलेजों में कक्षा छह में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके फॉर्म भी क्षेत्रीय खेल कार्यालय डॉ. अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में उपलब्ध हैं। इच्छुक विद्यार्थी आवेदन पत्र प्राप्त कर उसे भरकर निर्धारित समय सीमा में जमा करा सकते हैं।
लखनऊ के गुरु गोबिंद सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में केवल बालक दाखिला पा सकते हैं। यहां एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, क्रिकेट, बैडमिंटन और वालीबाल खेलों में ही दाखिला होगा। गोरखपुर स्थित वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में बालक और बालिका दोनों दाखिला पा सकते हैं। यहां जिम्नास्टिक, वालीबाल, कुश्ती और हॉकी खेलों में दाखिले होंगे। इटावा के सैफई में स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स कॉलेज में बालक और बालिका दोनों को दाखिला मिलेगा। यहां बालकों को एथलेटिक्स, क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कबड्डी, तैराकी और बैडमिंटन तथा बालिकाओं को बैडमिंटन और जूडो में दाखिले की व्यवस्था है। आवेदन करने के लिए खिलाड़ी का उत्तर प्रदेश का निवासी होना अनिवार्य है। उसके पास आधा कार्ड भी होना चाहिए। आयु नौ से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही वह कक्षा पांच में अध्ययनरत हो। उप क्रीड़ा अधिकारी कशीनरेश यादव ने बताया कि आवेदन फॉर्म स्पोर्ट्स स्टेडियम से सुबह दस बजे से शाम पांच बजे तक 200 रुपये अदा कर प्राप्त किया जा सकता है।