बेहट (सहारनपुर)। प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और जनपद के नोडल अधिकारी हेमंत राव के दौरे के दौरान की गई शिकायत से खिन्न होकर विद्युत कनेक्शन काटे जाने का आरोप लगाते हुए गांव हरिपुर के ग्रामीणों ने पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है, कि शिकायत करने पर पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों ने उन्हें खामियाजा भुगतने की चेतावनी दी थी। ग्रामीणों ने कहा कि वे पूरे मामले की शिकायत प्रमुख सचिव से करेंगे।
बता दें कि 11 दिसंबर को प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी हेमंत राव विकास खंड साढ़ौली कदीम के गांव हरिपुर में विकास कार्यों की हकीकत जानने के लिए पहुंचे थे। उनके समक्ष ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति के निर्धारित शेड्यूल, क्षमतानुसार ट्रांसफार्मर नहीं लगाए जाने और जर्जर विद्युत लाइनों से लगातार हो रहे हादसों को लेकर शिकायत की थी, जिस पर प्रमुख सचिव ने पावर कार्पोरेशन के एक्सईएन से लेकर जेई तक को हड़काते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी थी। बुधवार को पावर कॉर्पोरेशन की टीम ने गांव हरिपुर पहुंचकर बकायादारों के कनेक्शन काट दिए।
इसके विरोध में बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने शिकायत से खिन्न होकर उनके कनेक्शन काटे जाने का आरोप लगाते हुए पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायत के बाद ही पावर कार्पोरेशन के अधिकारियों ने उन्हें खामियाजा भुगतने की चेतावनी दी थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि वे इस पूरे मामले को प्रमुख सचिव तक पहुंचाएंगे और यदि इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे निर्णायक आंदोलन करेंगे।
बकाया बिलों की वसूली के लिए गांव में कैप लगाया गया था। बड़े बकायादारों को चिह्नित कर उनके कनेक्शन काटे गए हैं। ग्रामीणों के आरोप निराधार है।
अभय कुमार जेई, पावर कार्पोरेशन।