सहारनपुर। नगर निकाय चुनाव के मतदान में फर्जी वोट डालने के संदेह में पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने महानगर में तीन जगहों पर 10 महिलाओं सहित 21 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले की जांच की। इसके बाद आरोपियों के मोबाइल फोन नंबर और पते पुलिस ने दर्ज किए। आरोपी पुलिस की निगरानी में रहेंगे। एसएसपी ने पूरे मामले की जांच बैठा दी है।
कोतवाली मंडी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदान के दौरान मातागढ़ स्थित जैन इंटर कॉलेज से दस, मोहल्ला छत्ता जंबूदास स्थित मतदान केंद्र से तीन और मंडी समिति रोड से आठ लोगों को हिरासत में लिया। इनमें 10 महिलाएं भी शामिल हैं। चेकिंग के दौरान इनके आधार कार्ड में विभिन्न खामियां मिली हैं। किसी की उम्र कम लिखी थी तो किसी के पति और पिता का नाम बदला हुआ था। मतदाता सूची से आधार कार्ड में लिखे नाम और पते नहीं मिल रहे थे। इस पर पुलिस को शक हुआ कि इनके आधार कार्ड फर्जी हैं। यह लोग फर्जी मतदान करने आए हैं, जिसके बाद पुलिस सभी को हिरासत में लेकर कोतवाली मंडी ले गई। सभी को पूरे दिन कोतवाली मंडी बैठाए रखा और इनके आधार कार्डों की जांच की गई।
सपा प्रत्याशी भी कोतवाली पहुंचे
इस मामले में सपा के महापौर पद के प्रत्याशी नूर हसन मलिक ने भी कोतवाली मंडी पहुंचकर मामले की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि अगर निर्दोष लोगों को पकड़ा गया है तो उनको छोड़ा जाए।
बोले एसएसपी, जांच कराई गई शुरू
एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा ने बताया कि सभी के मोबाइल फोन नंबर और पते पुलिस रिकार्ड दर्ज कर लिए गए हैं। इस मामले की जांच बैठा दी गई है। मतदान प्रक्रिया पूरी हाेने के बाद पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। तब, तक आरोपी पुलिस की निगरानी में रहेंगे।
पकड़े जा चुके हैं फर्जी आधार कार्ड
मंगलवार की रात कोतवाली देवबंद पुलिस ने शाहजमान निवासी मोहल्ला किला, सुबहान निवासी मोहल्ला मटकोटा देबवंद को गिरफ्तार किया था, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ मोहल्ला मटकोटा और भूरा भागने में सफल रहे। आरोपियों के पास से दो प्रिंटर, 150 फर्जी आधार कार्ड, 1820 रुपये, कंप्यूटर, लैपटॉप, 16 पासपोर्ट साइज फोटो, 15 शीट बरामद हुई है। आरोपी फर्जी मतदान करने के लिए फर्जी आधार कार्ड तैयार कर रहे थे। इनमें मुख्य आरोपी आसिफ है, उसने ही फर्जी आधार कार्ड बनाने का ठेका लिया था, जिसकी गिरफ्तारी अभी नहीं हुई है। इसके पकड़े जाने पर राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों और नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशियों के नाम भी सामने आ सकते हैं।