बेहट (सहारनपुर)। बृहस्पतिवार की सुबह बस स्टैंड से एक ढाई वर्षीय बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। इसका पता चलने पर परिजनों के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने उसे आनन-फानन में इधर-उधर तलाश किया। तलाश के दौरान बच्ची ईदगाह मैदान में मिली। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजन अचानक इस तरह से बच्ची के लापता होने की घटना पर उसके अपहरण की आशंका व्यक्त कर रहे है, हालांकि इस संबंध में उनके द्वारा कोतवाली में कोई तहरीर नहीं दी गई है और उधर, पुलिस भी इस तरह की घटना की जानकारी से इंकार कर रही है। वाकया सुबह सवा दस बजे के लगभग का है।
नगर के मोहल्ला सड़कपार निवासी सुहाना पत्नी शाहिद मिर्जा अपनी पांच वर्षीय पुत्री आयशा एवं ढाई वर्षीय पुत्री मरियम के साथ विकासनगर जाने के लिए बस की इंतजार में बस स्टैंड पर खड़ी थी। इस दौरान अचानक ढाई वर्षीय मरियम संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पहले तो सुहाना अकेले ही बस स्टैंड पर मरियम को तलाशती रही, लेकिन जब उसका कोई पता नहीं चल सका, तो उसने परिजनों को रोते बिलखते मरियम के गायब होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घटना की जानकारी करने के बाद मरियम की तलाशना शुरू की। तलाश के दौरान मरियम बस स्टैंड से काफी दूरी पर स्थित ईदगाह में मिली। मरियम के सकुशल मिलने की पर ही परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों का कहना है, कि बच्ची इतनी दूर ईदगाह में कैसे जा सकती है? उन्होंने बच्ची के अपहरण करने की आशंका व्यक्त की है। उधर, इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक छोटे सिंह का कहना है, कि इस तरह की घटना उनकी जानकारी में नहीं है वह जानकारी कर कार्रवाई करेंगे।