बच्चों के बैग किताबों से खाली, कैसे हो पढ़ाई
सहारनपुर। गर्मियों की छुट्टी के बाद परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय फिर से खुल गए हैं। मगर हैरान करने वाली बात यह है कि बच्चों के बैग अभी तक किताबों से खाली ही हैं। इसकी प्रमुख वजह अभी तक बच्चों को किताबों का वितरण न होना है। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन पदाधिकारियों ने मंगलवार को बीएसए से मिलकर किताबों का वितरण अतिशीघ्र कराने की मांग की।
जिलाध्यक्ष राजकुमार चौधरी के नेतृत्व में शिक्षक विभिन्न मांगों को लेकर बीएसए से मिले थे। जिलाध्यक्ष ने बताया कि पठन पाठन समय से शुरू करने के लिए बच्चों के पास किताबें होना जरूरी हैं। मगर अभी तक किताबों का वितरण नहीं हो सका है। उन्होंने अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत जनपद में आए शिक्षकों को स्कूलों का आवंटन जुलाई के पहले ही सप्ताह में कर देने की भी मांग की। इसके अलावा एरियर भुगतान भी अतिशीघ्र कराने की मांग की गई। उर्दू टीचर्स एसोसिएशन के राव अब्दुल सत्तार ने देहात में विद्युतापूर्ति दुरुस्त कराने की मांग की। कहा कि बिजली न होने से स्कूलों में बच्चे गर्मी के कारण बैठ नहीं पाते हैं। ज्ञापन देने वालों में डॉ. अनिल बावरे, बिजेंद्र, अजीत सिंह, अनिल तोमर, शिखा आदि शामिल रहीं।