देवबंद (सहारनपुर)। बुधवार की दोपहर बाद बारिश के पूर्व चली धूल भरी आंधी के कारण क्षेत्र की बिजली घंटों गुल रही। जिसके चलते लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
भीषण गर्मी के चलते जहां लोग पिछले करीब एक सप्ताह से बेहाल थे। वहीं बुधवार को हलकी बारिश होने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन बारिश से पहले चली धूल भरी आंधी से किसानों को काफी नुकसान हुआ है। खेतों में गेहूं की फसल कटी पड़ी है। पशुओं के लिए निकाला गया भूसा भी खराब हो गया है। कच्चे आमों के टूटने से बाग मालिकों की चिंता बढ़ गई है। आंधी के कारण सड़कों पर अंधेरा पसर गया। जिस कारण वाहन चालकों को दिन में लाइट जलाकर चलना पड़ा। कई वाहन तो तेज आंधी के कारण आपस में टकरा गए। हालांकि इसमें कोई हताहत नहीं हुआ। उधर, विद्युत विभाग के अफसरों के मुताबिक आंधी में कई जगह पर तार टूटने की सूचना मिली है। जिन्हें दिखवाकर उनकी मरम्मत कराने का काम शुरू कर दिया है। मरम्मत कार्य संपन्न होते ही विद्युत आपूर्ति को बहाल कर दिया जाएगा।