स्कूलों में नामांकन बढ़ाने का आह्वान
छुटमलपुर। सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल चलो अभियान के लिए मदरसों और प्राथमिक स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के मेले और अभिभावक सम्मेलन में हर घर में शिक्षा का दीप जलाने की जरूरत बताई गई। वक्ताओं ने कहा कि अशिक्षा के कलंक को मिटाने के लिए जनसहयोग जरूरी है।
मुख्य अतिथि के रुप में पहुंचे भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष जसवंत सैनी ने कहा कि सरकार सर्व शिक्षा अभियान की शत प्रतिशत सफलता के लिए कृत संकल्प है। जिला अध्यक्ष बिजेंद्र कश्यप ने कहा कि अभिभावक बेटों के साथ बेटियों को जरूर शिक्षा दिलाने का काम करें। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रमेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि स्कूल में खाना, पुस्तकें, वर्दी, जूते और मौजें तक निशुल्क दिए जा रहे हैं। प्रशिक्षित शिक्षक पब्लिक स्कूलों के मुकाबले की शिक्षा दे रहे हैं। खंड शिक्षा अधिकारी राजमोहन ने कहा कि अध्यापक तीस अप्रैल तक छह से 14 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को हर सूरत में स्कूल में नामांकन का प्रयास करें। संजय सैनी ने साथी अध्यापकों से आहवान किया कि वे समय से स्कूल पहुंच कर शिक्षण कार्य को अंजाम दें।
जिला समन्वयक बालिका शिक्षा आदित्य शर्मा ने मदरसों के साथ सामंजस्य बनाकर विद्यालय न जाने वाले बच्चों और ड्राप आउट बच्चों का नामांकन कराने पर बल दिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अध्यापकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। नगेंद्र कुमार, अनूप सिंह, मेघराज सैनी, कर्ण सिंह, यशपाल सैनी, तेलूराम, रामनाथ सैनी, निशांत, अन्नु, सुल्ताना, दरोगा सिंह, धीर सिंह, मदनपाल सिंह, यशपाल डाबर आदि मौजूद रहे।