गंगोह/सहारनपुर। कार्य होने के बावजूद गंगोह विधानसभा क्षेत्र के लोगों की प्रमुख समस्याएं जस की तस हैं। सरकारी अस्पताल में स्टाफ की कमी के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। चौतरफा फैला अतिक्रमण परेशानी सबब बना है।
गंगोह विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रदीप चौधरी विधायक हैं। उनके एक वर्ष के कार्यकाल से लोग संतुष्ट तो हैं, लेकिन प्रमुख समस्याओं का समाधान ना होने की वजह से परेशान भी हैं। गंगोह निवासी डा. अमित गर्ग का कहना है कि विधायक ने सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र का दायित्व निभाते हुए अच्छे कार्य कराए। मगर, कस्बे में चौतरफा फैला अतिक्रमण परेशानी का सबब बना है। व्यापारी नेता मनोज गोयल ने कहा कि विधायक के काम से वह संतुष्ट हैं। लेकिन कई प्रमुख समस्याओं से लोग आज भी जूझ रहे हैं। सरकारी अस्पताल में स्टाफ की कमी क्षेत्रवासियों की बड़ी समस्या है। इलाज के लिए लोगों को जिला अस्पताल जाना पड़ता है। सूफी जहीर अख्तर का कहना है कि विधायक ने कस्बे की समस्याओं का काफी हद तक समाधान कराया है। टूटी सड़कों को ठीक कराया गया, लेकिन अतिक्रमण से कस्बावासियों को निजात नहीं मिल पाई है। समाजसेवी अरविंद पाल कपूर का कहना है कि विधायक ने अच्छे काम कराए हैं। क्षेत्र में राजकीय इंटर कॉलेज की काफी आवश्यकता है। ताकि बच्चों को पढ़ने के लिए बाहर ना जाना पड़े। मूलभूत सुविधाएं प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए।
---------------------------------------
पिछले कार्यकाल के दौरान मैने विपक्ष में रहते हुए भी क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए। अब शेष रहे कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करा रहे हैं। क्षेत्र में बिजलीघर बनवाए गए, जिससे विद्युत समस्या में काफी सुधार हुआ है। गांवों में सड़कें बनवाई गई। गंगोह को तहसील का दर्जा दिलाने और क्षेत्र से नहर निकलवाने के लिए प्रयासरत है। हरियाणा से क्षेत्र को जोड़ने के लिए गांव दौलतपुर में यमुना पर बन रहे पुल को इसी वर्ष चालू कराए जाने का प्रयास कर रहे हैं। ढायकी में जल्द राजकीय इंटर कॉलेज का निर्माण कराया जाएगा।
------प्रदीप चौधरी, भाजपा विधायक गंगोह
----------------------------------------
प्रदीप चौधरी को पूरी तरह असफल विधायक हैं। केंद्र और प्रदेश में सरकार होने के बावजूद विधायक आज तक हरियाणा से क्षेत्र को जोड़ने वाले दौलतपुर यमुना पुल को चालू नहीं करा पाए। यदि जनता उन्हें मौका देती तो छह माह में उक्त पुल को चालू करा देते। क्षेत्रवासी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। सड़कों की हालत खस्ताहाल है। शिक्षा में सुधार के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ और उपकरणों की कमी है। बेरोजगारी खत्म करने के लिए भी कोई प्रयास नहीं किया गया।
---------------नोमान मसूद, गत विधानसभा चुनाव में प्रमुख प्रतिद्वंद्वी