सहारनपुर। ढमोला नदी क्षेत्र में अतिक्रमण के सत्यापन के लिए लगाई गई राजस्व विभाग और सिंचाई विभाग की टीम ने माहीपुरा में करीब 2.25 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की है। इसमें 15 मकान भी नदी क्षेत्र में बने हुए हैं।
जिलाधिकारी पीके पांडे के निर्देश पर ढमोला नदी के अतिक्रमण का चिह्नीकरण कराया जा रहा है। राजस्व और सिंचाई विभाग की टीम इस कार्य में लगी है। बुधवार को टीम ने माहीपुरा में ढमोला नदी क्षेत्र की करीब 2.25 हेक्टेयर भूमि को चिह्नित किया गया है। तहसीलदार सदर प्रीति सिंह ने बताया कि इसमें 15 मकान भी नदी क्षेत्र में बने हुए हैं। बता दें कि जिलाधिकारी ने 4 फरवरी तक अवैध कब्जों का चिह्नीकरण करने के निर्देश दे रखे हैं। इसके बाद अवैध कब्जों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।