सहारनपुर। हादसे के बाद पुलिस की संवेदनहीनता के कारण जान गंवाने वाले दो किशोरों को श्रद्धांजलि देने के लिए शनिवार की शाम कैंडल मार्च निकाला गया। इस दौरान भारत माता चौक पर पहुंचकर लोगों ने मोमबत्ती जलाकर किशोरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्रद्धांजलि देने के लिए लोग मृतक के घर पर एकत्रित हुए और मोमबत्ती जलाकर हाथों में लेकर मार्च निकालते हुए भारत माता चौक पर पहुंचे। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ गुस्सा जाहिर करते हुए नारेबाजी भी की। भारत माता चौक पर पहुंचकर लोगों ने अर्पित और सन्नी के चित्र के सम्मुख मोमबत्ती रखीं और श्रद्धांजलि अर्पित की। उसके बाद परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। लोगों ने पीड़ित परिजनों को मुआवजा और नौकरी दिए जाने की मांग की।