कांग्रेस की जन सहभागिता बढ़ाने के लिए कार्य करें कार्यकर्ता
नानौता (सहारनपुर)। युवा कांग्रेस कमेटी की समीक्षा बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर देश को युवा नेतृत्व मिल गया है। इससे पूरे देश में खुशी की लहर है।
शुक्रवार को नगर के चाननदास धर्मशाला में आयोजित युवा कार्यकर्ताओं की बैठक में पहुंचे मुख्य अतिथि हरिकृष्णा, प्रदेश अध्यक्ष ओमबीर यादव और कैराना लोकसभा क्षेत्र अध्यक्ष चौ. मुजफ्फर अली ने कहा कि युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मजबूती के साथ कांग्रेस की जन सहभागिता बढ़ाने के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी नई ऊंचाईयों को छूने का काम करेगी। उन्होंने प्रदेश सरकार पर अपने वायदों से विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश का युवा बेरोजगार है, किसान और मजदूर परेशान है। खनन को लेकर एनजीटी का बहाना बनाकर जनता को परेशान किया जा रहा है। संचालन गंगोह विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष विजय कुमार शर्मा ने किया। बैठक में पूर्व विधायक सुशील चौधरी, ब्लॉक अध्यक्ष देवेंद्र राणा, संजयवीर राणा, सौरभ गर्ग, मेद्यनाथ सिंह, विजय शर्मा, भूपेंद्र बर्मन, सौरभ गर्ग, चंदन शर्मा, प्रिंस राणा, शुभम धीमान, चौधरी खालिद, उस्मान, शराफत, आदिल मलिक आदि उपस्थित रहे।