सहारनपुर। बिजली की अघोषित कटौती और छोटे बकाएदारों के कनेक्शन काटे जाने का आरोप लगाते हुए व्यापारियों ने विद्युत निगम के कार्यालय पर जमकर हंगामा किया। व्यापारियों और अधिकारियों के बीच नोकझोंक हुई और धक्कामुक्की तक की नौबत आ गई। किसी प्रकार मामले को शांत किया गया।
शुक्रवार को व्यापारी सुरक्षा फोरम संस्थान के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारी एकत्रित होकर घंटाघर स्थित विद्युत निगम के कार्यालय पर पहुंचे और विद्युत निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा की जा रही कार्रवाई पर रोष जताया। जिलाध्यक्ष नरेश धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सहारनपुर में 24 घंटे बिजली आपूर्ति के आदेश होने के बावजूद कनेक्शन काटने एवं फाल्ट होने का बहाना बनाकर दिन में ही 3-4 घंटे की बिजली काटी जा रही है। महानगर अध्यक्ष प्रवीण छाबड़ा एवं जिला महामंत्री मनोज ठाकुर ने कहा कि 2-3 हजार रुपये के बकाया होने पर भी विद्युत निगम के कर्मचारियों द्वारा कनेक्शन काटे जा रहे हैं। जबकि विभाग द्वारा 5 हजार के बकाए तक सख्ती नहीं करने के निर्देश हैं। महामंत्री विजय गुप्ता, राजकुमार कालड़ा ने कहा कि शहर के पुराने एवं अति व्यस्त बाजारों में तारों में जगह-जगह जोड़ है एवं तारें दुकानें के आगे तक लटकी हुईं हैं। लिखित में शिकायत देने के बाद भी कार्रवाई नहीं हो रही है। कई जगह पर खंभे झुके हुए हैं। कर्मचारी एवं अधिकारी दुर्घटना का इंतजार कर रहे हैं।
इस दौरान अधिकारियों और व्यापारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। मामला धक्कामुक्की तक जा पहुंचा। लोगों ने किसी प्रकार मामले को संभाला। इस संबंध में व्यापारियों ने अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में सरदार राजेंद्र सिंह कोहली, तरुण सिंघल, मामचंद पांचाल, सुनील शर्मा, राजेश सैनी, प्रदीप शर्मा, दीपक भार्गव, संजय शर्मा, शिवा गांधी, संजीव विश्वकर्मा, राहुल झाम, संचित अरोड़ा, रमेश कुमार, दिव्यांश पंडित, मो. रफी, रविंद्र कालड़ा, रवि मल्होत्रा, सीमांत वशिष्ठ, मोहित आनंद, विपिन सलूजा, मोनू गुप्ता, अश्वनी मेहता, दिनेश शर्मा, मनप्रीत सिंह, रवि जुनेजा, निशांत शामिल रहे।