चयन के लिए हॉकी खिलाड़ियों ने बहाया पसीना
सहारनपुर। प्रदेश स्तरीय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता दस से 15 दिसंबर तक इटावा में होगी, जिसका आयोजन खेल निदेशालय के निर्देश पर कराया जा रहा है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली मंडलीय टीम का बुधवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुए ट्रायल के तहत किया गया।
जिला स्तरीय ट्रायल से चुनी गईं खिलाड़ियों ने मंडलीय ट्रायल में हिस्सा लिया। इसमें मुजफ्फरनगर और शामली की भी खिलाड़ी शामिल हुईं। कड़ी स्पर्धा के बीच दिशा चावला, पायल रावत, जीनत परवीन, तरस्वी चौधरी, कोमल सैनी, काजल कागड़ा, इशा चावला, पल्लवी सब्बरवाल, राधा, कोमल, भावना, रितु, कोमल, प्रियंका पाल, दीपा और श्वेता अपना चयन कराने में सफल रहीं। चयनकर्ताओं में फुरकान अहमद, रेनू, विशेषता, संदीप रंधावा, रंजीत शामिल रहे। इस मौके पर उप क्रीड़ा अधिकारी काशी नरेश यादव मौजूद रहे।
हॉकी का चयन ट्रायल आज
सहारनपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेशीय सीनियर पुरुष हॉकी प्रतियोगिता 11 से 16 दिसंबर तक लखनऊ में होगी। इसके लिए मंडलीय टीम का गठन होना है। इसका चयन ट्रायल आज यानी सात दिसंबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। जिला स्तरीय ट्रायल सुबह दस बजे से और मंडलीय ट्रायल दोपहर 12 बजे से होगा। खिलाड़ियों को आधार कार्ड लेकर पहुंचना होगा।
सब जूनियर टीम के लिए ट्रायल कल
सहारनपुर। प्रदेशीय सब जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता 15 से 20 दिसंबर तक झांसी में आयोजित होगी। इसके लिए मंडलीय टीम का गठन किया जाना है। जिसका जिला और मंडलीय ट्रायल कल यानी आठ दिसंबर को डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। जिला स्तरीय ट्रायल सुबह नौ बजे से तथा मंडलीय ट्रायल दोपहर एक बजे से होगा। खिलाड़ियों को अपने साथ जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड लेकर पहुंचना होगा।