सहारनपुर। दलित-मुस्लिम गठजोड़ की संभावना में जुटी बहुजन समाज पार्टी ने सड़क दूधली प्रकरण के आरोपी को पार्टी का पार्षद प्रत्याशी बनाकर सबको चौंका दिया है। बसपा की सोमवार को 29 वार्डों की जारी सूची में सड़क दूधली प्रकरण में जेल गए युवक को वार्ड 16 से प्रत्याशी बनाया गया है। ऐसे में जिले भर में अलग-अलग चर्चाएं जारी हैं। फिलहाल बसपा ने शहर के 29 वार्डों पर प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है।
डा. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान दलित-मुस्लिम संघर्ष के चलते सुर्खियों में आए सड़क दूधली प्रकरण ने प्रदेश सरकार की खूब किरकिरी कराई। मगर, इस प्रकरण से दलितों के अंदर भाजपा अपनी जगह बनाने में जुटने लगी थी। इस संघर्ष के चलते बसपा के दलित-मुस्लिम गठजोड़ को भी झटका लगा था। हालांकि इन सबसे दरकिनार बसपा की ओर जारी सूची में सड़क दूधली प्रकरण के आरोपी को पार्षद का टिकट दिया गया है। वार्ड 16 नवीन नगर से मोहित शर्मा को प्रत्याशी बनाया गया है। यह सड़क दूधली प्रकरण में करीब दो महीने से ज्यादा जेल में रहा था। इसके अलावा बसपा ने मौज्जमपुरा से नीलम कर्दम, ओजपुरा से शिखा, मोहम्मदपुर माफी से सुषमा रानी, सड़क दूधली से प्रेमचंद्र, वर्धमान कालोनी से नरेन्द्र कुमार, जाटव नगर से अंकित, दरा कोटतला से अनिल कुमार, ग्वालिरा से मोहर सिंह, फतेहपुर जट्ट से राजेन्द्र कुमार, मवीकला से महराज, खलासी लाइन से इंद्रपाल, चकरहेटी से नदीम अहमद, शारदा नगर से कवल दास, रेलवे क्वाटर से चंद्रजीत सिंह, गढ़ मलूक से फरहना, लेबर कालोनी से सेठपाल, गोपाल नगर से सुमित अरोड़ा, जनकपुरी से मसरुफा,हिम्मत नगर से अनिता चौधरी, किशनपुर से सतीश कुमार, गोविंद नगर से राजेश गुलाटी, दरा मिलकाना से अमीर, मानकमऊ से सलीम अहमद, हसनपुर कदीम से शकील अहमद, जवाहर पार्क से संगीता रानी, न्यू माधो नगर से अनामिका चौहान, शारदा नगर से सौरभ शर्मा और मानकमऊ उत्तरी से विमल राय को प्रत्याशी घोषित किया है।