शक के घेरे में प्राधिकरण के और भी अभियंता
सहारनपुर। जिस प्रकार विकास प्राधिकरण के वीसी मनोज कुमार ने जेई पवन शर्मा की अलमारी का ताला तुड़वाकर उसमें से फाइलें निकालकर जांच बिठा दी है। उससे अन्य अभियंताओं में हड़कंप मचा है। सूत्रों के अनुसार जल्द ही अन्य अभियंताओं पर भी वीसी की सर्जिकल स्ट्राइक हो सकती है।
विकास प्राधिकरण को अस्तित्व में आए करीब 20 साल बीत चुके हैं। इस अंतराल में तमाम कॉलोनियां और निर्माण वैध होने चाहिए थे, मगर कहीं प्राधिकरण की अनदेखी तो कहीं मिलीभगत से अवैध निर्माण और कॉलोनियां काटी जाती रहीं। ऐसे में प्राधिकरण के अफसरों और अभियंताओं की कार्यप्रणाली शक के घेरे में आ गई। अवैध निर्माण की फाइलें दबाने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए वीसी मनोज कुमार ने जेई पवन शर्मा की अलमारी का ताला तुड़वाकर उसमें से तमाम फाइलें निकालकर जांच बिठा दी है। साथ ही अलमारी को सील कर दिया है। वीसी की इस कार्रवाई से अन्य अभियंताओं में हड़कंप की स्थिति है। माना जा रहा है कि जल्द ही अन्य अभियंताओं की कार्यप्रणाली की जांच भी हो सकती है। सहारनपुर विकास प्राधिकरण में वीसी और सचिव के अलावा करीब 16 अभियंता, आठ लिपिक और एक वित्त एवं लेखाधिकारी तैनात हैं।
वीसी और सचिव ने किया मंथन
जेई की अलमारी की फाइलें निकलवाने के बाद वीसी और सचिव फुल फॉर्म में नजर आ रहे हैं। बुधवार को दोनों अफसरों ने अभियंताओं की कार्यप्रणाली पर बंद कमरे में लंबी बातचीत की। साथ ही व्यवस्था में सुधार पर मंथन भी किया।
जेई पवन शर्मा की अलमारी से निकाली गई फाइलों की जांच की जा रही है। अन्य अभियंता भी नजर में हैं, जिनकी जांच इसी तरह कराई जाएगी।
--मनोज कुमार, वीसी, विकास प्राधिकरण।