सबको मिलेगा मकान और सम्मान: सिंह
सहारनपुर। प्रदेश सरकार के ग्राम्य विकास स्वतंत्र प्रभार एवं स्वास्थ्य राज्यमंत्री डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हर पात्र व्यक्ति को पक्का मकान और सम्मान मिलेगा। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश तेजी से तरक्की की राह पर दौड़ रहा है। लापरवाही बरतने वाले अफसरों को किसी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रविवार को सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में राज्यमंत्री डा. महेंद्र सिंह ने बताया कि भाजपा ने चुनाव से पूर्व संकल्प पत्र में जो वायदे किए थे, उन्हें सरकार बनने के बाद एक-एक कर पूरा किया जा रहा है। सरकार ने लघु और सीमांत किसानों का एक लाख तक का कर्जा माफ कर उन्हें प्रमाण पत्र दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्रय केंद्रों के जरिए किसानों से जो गेहूं खरीदा और 24 घंटे के अंदर उसका भुगतान किसानों के खाते में कर दिया।
उन्होंने कहा कि शहर में 24 घंटे और देहात क्षेत्र में 18 घंटे बिजली मिल रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर किसी प्रधान या संबंधित अधिकारी ने पात्र लोगों से पैसा लिया तो मुकदमा कायम कराकर जेल भेजा जाएगा। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत देहात क्षेत्रों की सड़कों को बेहतर किया जाएगा। सड़क की जिम्मेदारी पांच साल तक ठेकेदार की ही होगी। उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति सर्वपल्ली राधा-कृष्ण के जन्मदिवस के मौके पर भाजपा द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान विधायक कुंवर ब्रिजेश सिंह, देवेंद्र निम, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, महावीर राणा, महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।