मसखरा की बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुआ सुल्तानपुर-धौलाहेड़ी मार्ग
चिलकाना (सहारनपुर)। मसखरा नदी में आई बाढ़ से खादर क्षेत्र में सुल्तानपुर-धौलाहेडी मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। डबल पुलिया में से एक पुलिया के किनारे में कटाव होने से पुलिया तथा सड़क के टूटने की संभावना बढ़ गई है। सुल्तानपुर-धौलाहेडी मार्ग मसखरा नदी के क्षेत्र में आता है। मसखरा नदी में बाढ़ का पानी आते ही अधिकांश पानी खादर क्षेत्र में फैल जाता है। बाढ़ का पानी हर बार धौलाहेडी मार्ग को ही क्षतिग्रस्त करता है। पांच वर्ष पहले भी मसखरा नदी में आई बाढ़ से यह मार्ग करीब 100 मीटर टूट गया था। उस समय लोगों को विकास नगर, गंदेवड़ तथा खादर क्षेत्र में जाने के लिए दूसरे वैकल्पिक रास्ते खोजने पडे़ थे तथा नाव का सहारा लेना पड़ा था। ग्रामीणों के धरना, प्रदर्शन, भूख हड़ताल करने के बाद ही यह मार्ग ठीक हो पाया था।
अब पांच दिन पहले आई बाढ़ में पूरे मार्ग के किनारे टूट गए हैं। डबल पुलिया में से एक के किनारे टूटने के साथ सड़क करीब पांच फीट से ज्यादा टूट गई है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क पर अवरोधक लगाकर वन-वे ट्रैफिक कर दिया है। डबल पुलिया पर सड़क के नीचे कटाव होने से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
यमुना खादर कल्याण समिति के अध्यक्ष ओमी पंवार, सचिव सुमेर चंद कपिल, बस यूनियन के प्रवक्ता यूसुफ कुरैशी, सीपी शर्मा, ग्राम प्रधान चौधरी निर्दोष, चौधरी संजय आदि ने जिलाधिकारी से बाढ़ में क्षतिग्रस्त सड़क तथा पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की।