सहारनपुर। कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। सभी विभागों के अधिकारियों ने शुक्रवार को बस में बैठकर कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया और लगभग सवा सौ स्थानों को कार्य कराए जाने के लिए चिह्नित किया।
शुक्रवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं उप जिलाधिकारी के नेतृत्व में सभी विभागों के अधिकारियों के साथ बस में बैठकर सुबह छह बजे ही कांवड़ मार्ग के निरीक्षण के लिए निकले। काली नदी से लेकर सरसावा तक के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान लगभग सवा सौ स्थान चिह्नित किए गए। जहां पर अलग-अलग विभागों को कार्य किए जाने हैं। मौके पर ही कार्य के लिए विभागों को जिम्मेदारी दी गई और कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। शिविरों के लिए नियत स्थानों के बारे में भी जानकारी ली गई।
कांवड़ मार्ग के निरीक्षण के दौर प्रमुख रूप से सड़कों में गड्ढे, बिजली की लाइनों को छूती हुईं पेड़ों की टहनियों को हटवाए जाने, सड़क किनारे खड़ी भांग की झाड़ियां हटवाए जाने, सड़क क्रास कर रही बिजली की लाइनों में सुरक्षा के प्रबंध किए जाने, ट्रांसफार्मर के चारो ओर बाड़ लगवाए जाने, नहर केे चारों ओर बाड़ लगाए जाने समेत कई कार्यों की सूची तैयार की गई। सीओ मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर कार्य निर्धारित कर लिए गए हैं। सभी अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्य योजना पर विचार विमर्श किया जाएगा। इसके बाद सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी के कार्यों को समय रहते पूरा कराएंगे। बस में अन्य अधिकारियों के साथ सीओ इंदु सिद्धार्थ, एसडीएम सदर संगीता भी मौजूद रहीं।