सहारनपुर। परिषदीय अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के ऐसे शिक्षकों, जिन्होंने अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों के लिए आवेदन नहीं किया था। उन्हें अन्य स्कूलों में भेजने के लिए काउंसिलिंग आज होगी। काउंसिलिंग यूआरसी नुमाइश कैंप में सुबह दस बजे से होनी है। बीएसए ने शिक्षकों को काउंसिलिंग में शामिल होने को कहा है।
प्रत्येक ब्लॉक में पांच-पांच परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम का बनाया जा रहा है। इन स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के लिए काउंसिलिंग हो चुकी है। सहायक अध्यापकों के 205 पदों के सापेक्ष 183 सहायक अध्यापक नियुक्त किए जा चुके हैं। इसी प्रकार हेड मास्टर के 55 पदों के सापेक्ष 43 शिक्षकों की तैनाती हो चुकी है। जिन स्कूलों को अंग्रेजी माध्यम का बनाया गया है। इनमें पहले से तैनात ऐसे शिक्षकों को दूसरे स्कूलों में भेजा जाना है, जिन्होंने अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में पढ़ाने के लिए आवेदन नहीं किया था। इनके लिए विभाग 18 अप्रैल यानी बुधवार को काउंसिलिंग करा रहा है। बीएसए रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि ऐसे शिक्षक जो अंग्रेजी माध्यम से चयनित नहीं हुए हैं। उनकी उसी विकास क्षेत्र में स्थित स्कूलों में पद स्थापना/स्कूल आवंटन करने के लिए जिला चयन समिति अध्यक्ष/डायट प्राचार्य ने काउंसिलिंग कराने का निर्णय लिया है। ऐसे में शिक्षकों को चाहिए कि वह काउंसिलिंग में उपस्थित रहे।