सहारनपुर। मंडलायुक्त चंद्रप्रकाश त्रिपाठी ने अस्पताल पहुंचकर ग्राम रूपड़ी कपूरपुर में बिजली गिरने से झुलसे तीनों युवकों का हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को उपचार में किसी तरह कोताही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने परिजनों को चिकित्सीय सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया है।
बुधवार सुबह बरसात के दौरान बिजली गिरने से गांव रूपड़ी कपूरपुर में दो युवकों रजत एवं सोनल की मौत हो गई थी, जबकि तीन युवक विश्वास, मोनू तथा रजनीश गंभीर रूप से घायल हो गए। मंडलायुक्त चंद्र प्रकाश त्रिपाठी घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने दिल्ली रोड स्थित अस्पताल मेडिग्राम पहुंच कर चिकित्सकों से घायलों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बिजली गिरने से घायल तीनों युवकों से भी बात की। इस दौरान नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार भी उनके साथ रहे।
मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपये
सहारनपुर। तहसीलदार संगीता ने बताया कि बिजली गिरने की घटना प्राकृतिक आपदा के तहत आती है। जिसके तहत मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का चेक उनके खातों में भेजा जाएगा। जबकि घायलों को चिकित्सीय सहायता प्रदान कराई जा रही है।
-------------