बिना लाइसेंस बेची जा रही थी खाद्य सामग्री
देवबंद। होली पर्व के मद्देनजर सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नगर में छापामारी अभियान चलाया। टीम ने बिना लाइसेंस बेची जा रही खाद्य सामग्री को जब्त किया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुनील कुमार शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को टीम ने मलखान सिंह चौक स्थित दूध की डेरी पर मावे का नमूना लिया। वहीं चाहपारस में विभिन्न ब्रांडों की बिना लाइसेंस बेची जा रही नमकीन का नमूना लिया गय। इसके साथ ही संदिग्ध नजर आ रही नमकीन जब्त की गई। इस छापेमारी को देख कई विक्रेता दुकान बंद करके चले गए।
सुनील शर्मा ने बताया कि डीएम के आदेश पर होली त्योहार के मद्देनजर छापामारी की कार्रवाई गई है। उन्होंने बताया कि मोहल्ला मलखान सिंह चौक पर सनव्वर की दूध की डेरी से मावा का नमूना लिया गया है। मोहल्ला चाहपारस में अतुल कुमार जैन की नित्या जैन ट्रेडिंग कंपनी पर बिना लाइसेंस के खाद्य सामग्री बेची जा रही थी। जहां से कई ब्रांड की अनियमितताओं वाली नमकीन और बिस्किट मिले हैं। इसमें नमकीन और बिस्कुट जब्त किए गए। नमूनों जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीत कुमार, अशोक कुमार, विशाल गुप्ता और संजीव कुमार सहित अन्य शामिल रहे।