सहारनपुर। यूपी वाणिज्यकर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन ने कर्मचारियों की समस्याओं का निस्तारण 25 जनवरी तक न होने पर 27 जनवरी से आंदोलन का एलान कर दिया है। एसोसिएशन ने कर्मचारियों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाया।
यूपी वाणिज्यकर मिनिस्ट्रीयल स्टाफ एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप पुंडीर एवं मंत्री बृजपाल सतपुरी ने कहा कि लिपिक संवर्ग की समस्याएं काफी समय से लंबित चल रहीं हैं। जनवरी 2016 से एसीपी स्वीकृत नहीं हुई है। नए वाणिज्य कर भवन में कर्मचारियों के पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। फायर सिस्टम का पानी प्रेशर चालू नहीं है। भवन में पार्टीशन भी गत्ते के बनाए गए हैं। घटिया किस्म की लिफ्ट लगाई गई है जिसमें से एक लिफ्ट अक्तूबर में छत से टकरा चुकी है। फोटो कॉपी की व्यवस्था नहीं है। शासनादेशों के क्रम में कर्मचारी संघों से कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वार्ता नहीं की जा रही। नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को 2 वर्ष से अधिक हो गए, उन्हें स्थायी घोषित किया जाए। नए वाणिज्य कर भवन में कर्मचारी संघों के लिए कक्ष स्वीकृत होने के बावजूद अलॉट नहीं किए गए। जिससे कर्मचारियों में रोष है। उन्होंने चेतावनी दी कि 25 जनवरी तक समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो 27 जनवरी से आंदोलन किया जाएगा। 27 जनवरी को लिपिक संवर्ग के कर्मचारी काला फीता बांधकर कार्य करेंगे। 28 और 29 जनवरी को काला फीता बांधकर कार्य बहिष्कार करेंगे। जबकि 30 जनवरी से मांगों के निस्तारण तक लिपिक संवर्ग के सभी कर्मचारी वाणिज्य कर भवन पर सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक अनिश्चितकालीन धरना देंगे।