सरसावा (सहारनपुर)। बकाया बिल जमा नहीं करने पर विद्युत निगम ने थाना सरसावा का बिजली कनेक्शन काट दिया। निगम के अधिकारियों ने बताया कि थाने पर लाखों रुपये बकाया है। कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी भुगतान नहीं होने के कारण ये कार्रवाई की गई हैं।
विद्युत निगम के अधिकारियों ने बकाया विद्युत बिल वसूली के लिए अभियान चला रखा है। बड़े बकायादारों को नोटिस भेजकर बिल जमा कराने के लिए कहा जा रहा है। बुधवार को विद्युत निगम के अधिकारियों ने बकाया विद्युत बिल जमा नहीं करने पर थाना सरसावा का बिजली कनेक्शन काट दिया। उपखंड अधिकारी प्रदीप यादव तथा अवर अभियंता पवन कुमार ने बताया कि थाना सरसावा पर विद्युत निगम का करीब 11 लाख रुपये से भी अधिक बकाया चल रहा है। वहीं, ग्राम शाहजहांपुर स्थित सरसावा थाने की पुलिस चौकी पर भी करीब 85 हजार रुपये बकाया है। अवर अभियंता ने कहा कि शासन स्तर से राजस्व वसूली को बढ़ाने के सख्त निर्देश का अनुपालन करते हुए यह कार्रवाई की जा रही है। अवर अभियंता ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे समय पर बिजली का बकाया भुगतान करते रहे नहीं तो विद्युत निगम को मजबूरन उनके खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ेगी।