आठ शिकायतों का ही मौके पर निस्तारण
नकुड़ (सहारनपुर)। संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे डीएम और एसएसपी ने शिकायतों को पारदर्शिता के साथ शीघ्र निस्तारित करने तथा पुलिस को रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान कुल 65 शिकायतों में से आठ का निस्तारण मौके पर किया गया।
मंगलवार को ब्लॉक सभागार में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि एक बार शिकायत के बाद फरियादियों के बार-बार चक्कर नहीं लगने चाहिएं। अफसर इस स्थिति में सुधार लाएं। इस दौरान जैनपुर निवासी नरेंद्र ने मानदेय न मिलने, नकुड़ निवासी सुभाष ने शौचालय का पैसा न मिलने, तिघरी रामगढृ के प्रधान नवाब ने गांव में पेयजल की सप्लाई करने के लिये डाली गयी पाइप लाइन में लीकेज ठीक कराने, लतीफपुर के ग्रामीणों ने गांव में अवैध ढंग से राशन की दुकान का आवंटन करने का आरोप लगाया।
सागंाठेड़ा निवासी जगपाल सिंह ने खंड विकास अधिकारी पर कागजों में ही गली का निर्माण करने का आरोप लगाया। उसने इस मामले की जांच कराने की मांग की। एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस को रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव, परियोजना निदेशक चंद्रशेखर, एसडीएम अमित आसेरी, तहसीलदार, सीओ यतेंद्र सिंह नागर,बीडीओ शौकत अली, सीएचसी अधिक्षक डा. रोहित वालिया, एसओ यशपाल सिंह सहित अन्य कई विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।