सहारनपुर। विश्व दिव्यांग दिवस पर शहर में अनेक जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। कई जगहों पर रंगारंग कार्यक्रम और खेलों का आयोजन किया गया, जिनमें दिव्यांग बच्चों ने अपने हुनर का प्रदर्शन करते हुए वाहवाही लूटी।
नीलकंठ विहार स्थित भारतीय नेत्रहीन विद्यालय परिसर में रंगारंग कार्यक्रम और खेलकूद प्रतियोगिता कराई गई। इसमें नेत्रहीन बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। शुभारंभ रोटरी क्लब क्लासिक के अध्यक्ष पवन अरोड़ा ने किया। उन्होंने कहा कि दिव्यांग होना कोई अभिशाप नहीं है। ऐसे बच्चों को किसी की दया की नहीं, बल्कि सहयोग की जरूरत होती है। यदि इन बच्चों को सहयोग मिले तो यह भी सामान्य बच्चों की तरह जीवन में आगे बढ़ सकते हैं। इस मौके पर विक्रम चावला, अनुपम मलिक, राजेंद्र सेठी, सुभाष, डॉ. श्यामलाल अनेजा, धनप्रकाश, राजीव आर्य, डॉ. अनिल मलिक आदि मौजूद रहे। भारतीय विकलांग समाज कल्याण सोसाइटी की ओर से भी रविवार को कार्यक्रम हुआ। इसमें दिव्यांगों ने रंगारंग कार्यक्रम के तहत गीत और नृत्य की प्रस्तुति देकर वाहवाही लूटी। इस मौके पर अफजाल, सुहेल, हीबा आलम, इलतश, इसरार, मुस्कान, अर्शी, मंतशा, मुस्तकीम, जाकीर, आरिफ, दानिश, आसिफ, योगेश आदि मौजूद रहे। उधर, संकल्प दिव्यांग केंद्र में कक्षा छह से आठ तक के बीच क्विज प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें अनेक स्कूलों के बच्चों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ एयर कोमोडोर संदीप चौधरी ने किया। रेखा कुमार ने बच्चों के प्रयास को सराहा। साथ ही मेहमानों का आभार व्यक्त किया।