- 17 मदरसों की हो चुुकी है मान्यता रद्द, 12 की चल रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर।
जनपद में 725 मान्यता प्राप्त मदरसे थे। प्रदेश सरकार ने मदरसा संचालकों को ऑनलाइन पंजीकरण कराने के निर्देश दिए थे। जिले में 634 मदरसा संचालकों ने पंजीकरण कराया, लेकिन 91 मदरसों की ओर से पंजीकरण नहीं कराया गया था। पहले चरण की कार्रवाई में जिला अल्पसंख्यक विभाग ने 91 में से 29 मदरसों को नोटिस भेजे थे। इनमें से 12 मदरसों के संचालकों ने जवाब दिया था, लेकिन उनके जवाब भी संतोष जनक नहीं थे। डीएम द्वारा गठित की गई टीम की जांच में 17 मदरसे सिर्फ कागजों में चलते मिले थे। इन 17 मदरसों को मान्यता रद्द कर दी गई थी। बाकी 12 मदरसों की जांच संबंधित एसडीएम कर रहे हैं। जिला अल्पसंख्यक विभाग के टारगेट पर अब 62 मदरसे हैं। इन मदरसों को नोटिस भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि 62 मदरसों को भी नोटिस जारी किए जा रहे हैं। निर्धारित समय में जवाब ना देने पर मौके पर जाकर जांच की जाएगी। फर्जीवाड़ा करने वाले मदरसों की मान्यता रद्द होगी। सरकार से प्राप्त की गई आर्थिक सहायता की भी वसूली की जाएगी।
बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा
सहारनपुर। जिले के मदरसों में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा होने का खुलासा हो चुका है। 17 मदरसों की मान्यता रद्द हो चुकी है और 12 की जांच चल रही है। इन मदरसों द्वारा शासन से आर्थिक सहायता प्राप्त कर सरकारी धन का गबन किया गया। इसकी जांच भी अल्पसंख्यक विभाग ने शुरू कर दी है। जिला अल्पसंख्यक अधिकारी ने बताया कि फर्जीवाड़ा करने वाले मदरसा संचालकों के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई करेगा।