सहारनपुर। नगर निकायों के चुनाव को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मतदान केंद्रों और बूथों तक कड़ा पहरा रहा। मतदान केंद्रों के आसपास की हर गतिविधि पर नजर रखी गई। हथियारों से लैस पुलिस कर्मी एवं पीएसी मुस्तैद रही। ड्रोन कैमरों से आकाश तक से मतदान केंद्रों और उसके आसपास नजर रखी गई।
मंगलवार की रात को ही सभी मतदान केंद्रों को पुलिस एवं पीएसी ने घेर लिया। पूरी तरह चेकिंग करने के बाद पहरा लगा दिया गया। बुधवार को मतदान केंद्र के बाहर से लेकर बूथ के द्वार तक पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद रही। सख्ती को लेकर कई बार प्रत्याशियों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। पुलिस अधिकारी एक मतदान केंद्र से लेकर दूसरे केंद्र तक दौड़ते रहे। इस सुरक्षा व्यवस्था में ड्रेेन कैमरों से मजबूत किया गया। मतदान केंद्रों के ऊपर ड्रोन कैमरे चक्कर लगाते रहे तथा मतदान केंद्र एवं आसपास के इलाकों में चल रही गतिविधियों को कैद करते रहे। ड्रोन कैमरों की पूरी टीम पुलिस अधिकारियों को हर गतिविधि का अपडेट देरी रही। आकाश से लेकर जमीन तक मतदान केंद्रों पर कड़ी नजर रखी गई।
दिन भर लगते रहे फर्जी मतदान के आरोप
सहारनपुर। मतदान के दौरान दिन भर अलग-अलग बूथों से फर्जी मतदान करने की सूचनाएं पुुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को मिलती रहीं। सड़क दूधली, खाताखेड़ी, कमेला कालोनी, मानकमऊ, खान आलमपुरा, नुमाइश कैंप, चकहरेटी में प्रत्याशी एक दूसरे पर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाते हुए हंगामा करते रहे और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को दौड़ाते रहे।
--। बुर्का हटवाकर कराई गई महिलाओं की पहचान
नगर निकाय के चुनाव में मुस्लिम मतदाताओं की लंबी लाइन लगी रही। पहचान पत्र लेकर पहुंची मुस्लिम मतदाताओं की पहचान के लिए महिला कर्मियों को लगाया गया। जिसने महिलाओं का बुर्का हटवाहर आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र से पहचान की। सहारनपुर के इस्लामिया डिग्री कॉलेज, इस्लामिया इंटर कॉलेज, सिराज कालोनी स्थित प्राईमरी पाठशाला में पहचान कराकर वोट डलवाए गए।
--। बुजुर्गों और विकलांगों ने भी दिखाया जोश
91 वर्षीय फूल सिंह को वोट डलवाने के लिए उसका पौत्र गोद में उठाकर बूथ तक ले गया। अंबेहटा में 90 साल के अब्दुल हमीद को सहारा देकर वोट डलवाने के लिए ले जाया गया। विकलांग भी अपने मत का प्रयोग करने के लिए ई-रिक्शा में बैठकर, सहारा लेकर वोट डालने के लिए पहुंचे।